पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के विण क्षेत्र में जीप ने स्कूटी सवार ऋषिकेश के युवक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई जबकि स्कूटी पर पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ऋषिकेश के गुलाबनगर निवासी अभिषेक त्रिपाठी पुत्र रामचंद्र त्रिपाठी और पिथौरागढ़ के वड्डा निवासी अमित बृहस्पतिवार देर शाम धारचूला से वड्डा जा रहे थे। विण स्थित सेना अस्पताल के पास एक जीप ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी जिससे अभिषेक और अमित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। दोनों को वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर डॉक्टरों ने अभिषेक त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने जीप चालक विण निवासी कपिल कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर दी है। साथ ही जीप को भी कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि अभिषेक दवा का कारोबार करता था। हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिजन पिथौरागढ़ पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे में घायल अमित का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। संवाद