पिथौरागढ़। जिले के पांच सरकारी विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने 2.30 करोड़ की राशि जारी कर दी है।
शिक्षा विभाग के मुताबिक जीआईसी बगड़ीहाट में भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान की प्रयोगशाला निर्माण के लिए 53.26 लाख, जीआईसी छड़नदेव के लिए 53.24 लाख, जीआईसी डोर के लिए 35.65 लाख, जीआईसी कालिका में प्रयोगशाला के लिए 52.23 लाख और राउमावि तल्ला धामी में प्रयोगशाला और कंप्यूटर कक्ष के लिए 34.12 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
धारचूला, मुनस्यारी, कनालीछीना ब्लॉक के इन विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशाला न होने से छात्र-छात्राओं को परेशानी हो रही थी। प्रयोगशाला का निर्माण होने से 350 से अधिक छात्र-छात्राओं को सुविधा मिल सकेगी। निर्माण कार्य का जिम्मा ग्रामीण निर्माण विभाग को दिया गया है।
कोट
पांच विद्यालयों में प्रयोगशाला निर्माण के लिए 2.30 करोड़ की राशि जारी हो गई है। दूरस्थ विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
- अशोक कुमार जुकरिया, सीईओ, पिथौरागढ़।