विद्यालय के 26 बच्चों की पढ़ाई बाधित है।
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में राजकीय प्राथमिक विद्यालय सेलमा रांथी में एक मात्र शिक्षामित्र के बीमार होने से एक सप्ताह से विद्यालय के 26 बच्चों की पढ़ाई बाधित है। बच्चे विद्यालय पहुंच भोजन के बाद बिना पठन-पाठन के घर लौट रहे हैं।
अभिभावक संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह धामी ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी आशाराम को सूचना देने के बाद भी कोई शिक्षक विद्यालय नहीं आए हैं। उन्होंने एक स्थायी शिक्षक की तैनाती की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता केशर सिंह धामी ने बताया कि तीन साल से विद्यालय एक शिक्षा मित्र के भरोसे है। एक सप्ताह से शिक्षामित्र अस्वस्थ हैं जिनका जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
धामी ने चेतावनी दी कि शीघ्र शिक्षक की तैनाती नहीं होने पर अभिभावक बच्चों के संग खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में धरना प्रदर्शन करेंगे।
बच्चों को पढ़ाने के लिए एक शिक्षक की व्यवस्था की जा रही है जो दो दिन के भीतर विद्यालय पहुंचकर शिक्षण कार्य करेंगे।
- आशाराम, खंड शिक्षाधिकारी, धारचूला।