टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर स्थित गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए 1.44 करोड़ रुपये के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इससे गुरुद्वारे में कमरों और हॉल का निर्माण किया जाएगा। निर्माण पूरा होने पर संगत और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। जिला प्रशासन के अनुसार, यह कार्य अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में विकास संबंधी निर्माण कार्य योजना के तहत होगा। तकनीकी सलाहकार समिति के परीक्षण के बाद इसे मंजूरी मिली है। प्रस्तावित निर्माण से धार्मिक आयोजनों के दौरान संगत को ठहरने की सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि यह कार्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चंपावत की परिकल्पना के तहत किया जाएगा।