पिथौरागढ़। जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से गाड़ गधेरों और नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे नहीं जाने की अपील की है। वहीं बारिश के कारण चीन सीमा को जोड़ने वाली घट्टाबगड़-लिपुलेख सड़क और तवाघाट-सोबला सड़क तीन दिनों से बंद है। इस कारण सीमांत के ग्रामीणों और सुरक्षा एजेंसियों को काफी परेशानी हो रही है।
खराब मौसम के कारण सेना की अग्रिम चौकियों में हेली से सामान पहुंचाने में दिक्कत हो रही है। पिछले तीन दिनों से सड़क बंद होने के बाद सेना को राशन एवं अन्य सामान पहुंचाने में काफी दिक्कत हो रही है। आदि कैलाश, ओम पर्वत जाने वाले पर्यटक भी सड़क बंद होने से परेशान हैं। लोगों ने बंद सड़क को शीघ्र खोलने की मांग की है।
उधर पिथौरागढ़ नगर में बारिश से रई पुल, कामधेनू डेयरी, शिवालिक वैंकेट हॉल और ग्रामीण क्षेत्र पंडा पुल, जाजरदेवल आईटीबीपी पुल पास जलभराव हो रहा है। इस कारण राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
तवाघाट-लिपुलेख सड़क खोलने की मांग
धारचूला (पिथौरागढ़)। तवाघाट-लिपुलेख सड़क लामारी पेलसीती झरने के पास तीन दिन पहले पहाड़ी दरकने से बंद हो गई थी। धारचूला बचाओ अभियान समिति ने एसडीएम नंदन कुमार को ज्ञापन देकर सड़क शीघ्र खुलवाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस समय माइग्रेशन चल रहा है। कई ग्रामीण पूजा के लिए अपने मूल गांवों में जा रहे हैं। सड़क बंद होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। इस दौरान अभियान समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नबियाल, सरपंच इंद्र सिंह नपलच्याल, धनुली बिष्ट, क्षमा गर्ब्याल मौजूद थे। संवाद
ये सड़कें बंद हैं
मंसूरी-कांडा-होकरा, गिन्नी बैंड समकोट, आदिचौरा सिन्नी, बांसबगड़-कोटा-पंद्रहपाला, बंगापानी-धामीगांव, छिरकिला-जम्कू, मदकोट-तोमिक, बंगापानी-जाराजीबली, बैराज-बोगाड़-जुब्बर, आदिचौरा-हनेरा, देवीसूना-खेतार कन्याल, देवलथल-कनालीछीना, एंचोली-स्यूनी, घट्टाबगड़-लिपुलेख, तवाघाट-सोबला।