दो हिस्सों में बंटी मदकोट-फापा सड़क। स्रोत: ग्रामीण
पिथौरागढ़। धारचूला तहसील के ग्राम पंचायत रांथी को जोड़ने वाली सड़क बंद होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण अपने उत्पाद भी बाजार नहीं ला पा रहे हैं। उन्होंने शीघ्र सड़क को खोलने की गुहार लगाई है।
गांव के सामाजिक कार्यकर्ता केशर सिंह धामी ने एसडीएम दिवेश शासनी को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि 15 अगस्त से गांव को जोड़ने वाली सड़क बंद है। इसके चलते ग्रामीण गांव में ही कैद होकर रह गए हैं। कहा है कि गांव से युवाओं की 15 से अधिक टैक्सी संचालित होती हैं। प्रतिदिन ग्रामीण सब्जी और दूध धारचूला में बेचकर आजीविका चलाते है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बंद होने से उनके उत्पाद भी नहीं बिक पा रहे हैं। गांव में रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में वृद्धि हो रही है। रांथी से धारचूला आने-जाने में ग्रामीणों को 12 किमी का किराया 300 रुपये देना पड़ रहा है। उन्होंने बंद सड़क को खोलने के लिए लोनिवि को निर्देशित करने का अनुरोध किया है।
एक हफ्ते से बंद है मदकोट-फापा सड़क
पिथौरागढ़। पीएमजीएसवाई की मदकोट-फापा सड़क मलबा व बोल्डर गिरने से पिछले एक हफ्ते से बंद पड़ी है। इससे गोरीपार के रिंगू, चुलकोट, फापा, उच्छैती, बोथी और ढीलम गांव की हजारों की आबादी प्रभावित है। सड़क बंद होने से छह वाहन फंसे हुए हैं। यूथ कांग्रेस के डीडीहाट जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने डीएम को पत्र भेज शीघ्र सड़क खोलने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा है कि सड़क बंद होने से यात्री तो परेशान हैं ही वाहन संचालकों को भी आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। संवाद