मुनस्यारी पुलिस ने सड़क निर्माण कंपनी से बरामद किया विस्फोटक के साथ पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सड़क निर्माण कर रही एक कंपनी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय झापुली के एक कक्षा कक्ष में विस्फोटक रख दिया। इसे एक महीने से रखा गया था। पुलिस तक मामला पहुंचा तो कंपनी और शिक्षा विभाग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थानाध्यक्ष मुनव्वर हुसैन के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस टीम स्कूल पहुंची। वहां एक कमरे में अवैध रूप से जिलेटिन की 31 छड़, दो कोडेक्स वायर, दो इलेक्ट्रॉनिक वायर, एक इलेक्ट्रानिक कनेक्टर रखा मिला। जांच में पता चला कि यह विस्फोटक झापुली-बोना सड़क बना रही अल्फा पैसिफिक सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड कृतिनगर दिल्ली का है।
हालांकि यह स्कूल बंद रहता है। इसके बावजूद पुलिस ने गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में अल्फा पैसिफिक सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड कृतिनगर दिल्ली के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर दी। इस दौरान कांस्टेबल संजय चौहान, विनोद अधिकारी आदि पुलिस कर्मी मौजूद थे।
स्कूल का भवन लंबे समय बंद है। शिक्षा विभाग के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। विद्यालय भवन को सड़क निर्माण कंपनी को इस्तेमाल करने की अनुमति कहां से मिली और किसने दी। इसकी जांच की जा रही है।
-लोकेश्वर सिंह, एसपी