संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर बनाएं गए नगरकोटी होटल के कर्मियों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना जांच रिपोर्ट के आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। कुछ दिन पूर्व होटल में रूके एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद होटल कर्मियों और अन्य लोगों में संशय बना हुआ था। सोमवार को नगरकोटी होटल के कर्मियों, कर्मचारियों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। पिछले दिनों होटल में एक पॉजिटिव प्रकरण सामने आने के बाद होटल के स्टाफ और अन्य लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। रिपोर्ट में सभी 6 लोगों की जांच निगेटिव आई है। जिला कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. राजेश ढकरियाल का कहना है कि जनपद से प्रतिदिन 40 से 90 सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। वहीं जिले को प्रतिदिन 30 से 60 जांचे होकर वापस आ रही हैं। होटल एसोसिएशन के मोहन नगरकोटी का कहना है कि पिछले दिनों होटल नगरकोटी में कोरोना पॉजिटिव आने से लोगों मे भय का माहौल था। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इन मुश्किल हालात में लोगों को एक दूसरे का सहयोग करना है। न कि भय का माहौल पैदा कर लोगों की परेशानी को बढ़ाना है।