पिथौरागढ़ में पुस्तक का विमोचन करते अतिथिगण। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। शिक्षाविद एवं साहित्यकार डॉ. पीतांबर अवस्थी की पुस्तक पिताश्री के प्रिय भजन पुस्तक का विमोचन ज्ञानप्रकाश संस्कृत पुस्तकालय में किया गया। ज्योतिषाचार्य एवं समाजसेवी पंडित स्व. जयदेव अवस्थी के भजनों पर आधारित इस पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य डीपी जोशी थे। उन्होंने कहा कि ओगला क्षेत्र के ज्योतिषाचार्य पंडित जयदेव अवस्थी ने पशु बलि प्रथा और जाति प्रथा का विरोध किया था। वह कुरीतियों और अशिक्षा को दूर करने के लिए लोगों को शिक्षा के लिए प्रेरित करते थे। उन्होंने ज्योतिषाचार्य के भजनों का संकलन कर पुस्तक प्रकाशित करने के लिए डॉ. पीतांबर अवस्थी की सराहना की। डॉ. अवस्थी ने कहा कि भजन से कठिन परिस्थितियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवन में सहजता आती है। डॉ. अवस्थी अब तक एक दर्जन से अधिक पुस्तकें लिख चुके हैं। विमोचन कार्यक्रम में भगीरथी अवस्थी, मंजुला अवस्थी, प्रमोद कुमार श्रोत्रिय, ललित शौर्य, सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या रेखा जोशी, आनंदी जोशी, लक्ष्मी आर्या आदि थे। ब्यूरो