भड़गाव की सीमा पर पहरा देते मंगल दल के सदस्य। संजू पंत डीड़ीहाट
- फोटो : AMAR UJALA
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पहाड़ों में कोरोना की दस्तक के बाद से अपने गांव को कोरोना की चपेट से बचाने के लिए लोगों ने अपने गांव में अपने नियम लागू करने शुरू कर दिये है। डीडीहाट विकासखंड के भड़ गांव के ग्रामीणों ने ग्राम सभा में प्रस्ताव पास कर अपने गांव में आने वाले व गांव से बाहर जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। भड़ गांव के युवा सामाजिक कार्यकर्ता व मंगल दल के सदस्य कृष्ण सिंह ने बताया कि कोरोना की पिथौरागढ़ जनपद में दस्तक के बाद से ही पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। गांव वालों की सहमति के बाद ही पूरे भड़गांव में गांव के ग्रामीणों ने अपने नियम कानून बना दिये है। आने वाले 14 दिनों तक गांव में किसी के प्रवेश व गांव में रह रहे लोगों का गांव से बाहर निकलने पर पांबदी लगा दी है। बाकायदा इसके लिए नवयुवक मंगल दल ने एक सुरक्षा टीम का गठन कर गांव के मुख्य मार्ग में दिन रात तैनाती कर दी है। जो बाहरी लोगों को गांव में प्रवेश करने से रोकेगी। गांव में रहने वाले लोंग अगर इस नियम को तोड़ेगे तो उस व्यक्ति को गांव के ही एकांत स्थान पर 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया जायेगा। ग्रामीणों ने कोरोना से बचाव हेतु युवाओं के इस निर्णय पर अपनी सहमति जताई है।