गंगोलीहाट में धरना स्थल में आंदोलनकारियों से वार्ता करते अधिकारी।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सीएमओ के मौके पर पहुंचने और एसडीएम अंकित राज के लिखित आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया। गंगोलीहाट में बीते मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सीएमओ के धरना स्थल नहीं पहुंचने से नाराज थे। बुधवार को एसडीएम के साथ सीएमओ डॉ. जेएस चुफाल भी वार्ता के लिए पहुंचे। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर सीएचसी में दो चिकित्सकों की नियुक्ति करने का लिखित आश्वासन दिया। उन्होंने ट्राॅमा सेंटर पर मानकों का पेंच बताकर उप जिला चिकित्सालय बनाने के लिए प्रयास करने की बात कही। मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत ने जीजीआईसी के जीर्ण-शीर्ण भवन के पुनर्निर्माण के लिए शासन स्तर पर पत्राचार करने का भरोसा दिया। उन्होंने नया भवन बनने तक छात्राओं की पढ़ाई अन्यत्र संचालित करने की बात कही। एसडीएम ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर शासन स्तर पर वार्ता करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा ने कहा कि दो महीने के भीतर घोषणाओं पर काम शुरू नहीं हुआ तो फिर से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, गणेश रावल, सुरेश पंडा, खष्टी बल्लभ भट्ट, हयात सिंह बोहरा, भूपेश पंत, भगवती पंत, कल्याण सिंह धानिक, किशन उप्रेती, दीपक धानिक, बसंत बल्लभ भट्ट आदि मौजूद रहे।