पिथौरागढ़। जिले में विगत कई दिनों से पीलिया और टाइफाइड के रोगी बढ़ने से कांग्रेसियों में आक्रोश है। उन्होंने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने दूषित पानी को पीलिया होने की मुख्य वजह बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही नगर में बिकने वाले मांस के सैंपल जांच के लिए भेजने की भी मांग की।पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के नेतृत्व में कार्यकर्ता सोमवार को कलक्ट्रेट में एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि दूषित पानी से अस्पतालों में रोगियों की संख्या बढ़ रही है। कुछ समय पहले पेयजल टैंकों में कोलीफार्म बैक्टीरिया पाया गया था। पानी की शुद्धता और जन स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने नगर के भीतर खुला सामान बेचने वाले खाद्य पदार्थ विशेष रूप से मांस के लगातार सैंपल लेकर जांच कराने की मांग भी उठाई। इस दौरान निशीद उप्रेती, उमेश जोशी, सांबा भंडारी, जीत शर्मा, रोहित कुमार, लक्षित नेगी, दियांशु उपाध्याय, कृष्णा टम्टा, भावेश जोशी आदि मौजूद थे।