पिथौरागढ़ के जिला पंचायत सभागार में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में मौजूद वरिष्ठ नागरिक और अन्य
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और वरिष्ठ नागरिक संगठन ने संयुक्त रूप से विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों ने विभिन्न विभागों में होने वाली समस्याओं के बारे में बताया।
जिला पंचायत सभागार में रविवार को विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर लॉयर मोहन सिंह नाथ ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए बनाए गए कानूनों, विधिक सेवा योजना 2016, विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकलापों और शासकीय योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारियां दी। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों ने संगठन की समस्या के साथ ही बैंकों, अस्पतालों और अन्य सरकारी कार्यालयों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पृथक काउंटर न होने की समस्या बताई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने उनकी समस्याओं का नियमानुसार निराकरण किए जाने का आश्वासन दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित अन्य किसी भी विधिक समस्याओं के संबंध में वह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को पत्र प्रेषित कर नियमानुसार निराकरण करा सकते हैं। समस्याओं के निराकरण के संबंध में प्रत्येक विभाग में विधिक सेवा प्राधिकरण से संबंधित एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने के निर्देश भी जारी किए गए।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष दयानंद भट्ट, उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र जोशी, महासचिव ईएलपी जोशी, वरिष्ठ नागरिक धनी राम चन्याल, राम दत्त भट्ट, लक्ष्मी दत्त तिवारी, गिरधर सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।