पिथौरागढ़। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने स्कूलों में स्विफ्ट चैट से उपस्थिति दर्ज कराने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले स्कूलों में कनेक्टिविटी बेहतर हो, तब जाकर विभाग लोकेशन के आधार पर उपस्थिति मांगे। मंगलवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह वल्दिया के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में इंटरनेट कनेक्टिविटी सही नहीं है। ऐसे में बगैर नेटवर्क के ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराना संभव नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले शिक्षकों को कनेक्टिविटी के साथ मोबाइल और सिम उपलब्ध कराया जाना चाहिए। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज न कराने पर वेतन रोकने का भय दिलाया जा रहा है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन भेजने वालों में संघ के कोषाध्यक्ष त्रिलोचन जोशी, जिला मंत्री जेपी वर्मा, ललित बसेड़ा शामिल रहे।