संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। रविवार की रात आधा दर्जन लोगों ने सिल्थाम चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लघंन कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और ड्यूटी में तैनात कर्मी के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार सिल्थाम तिराहे में रविवार की देर शाम दीपक, राहुल, अजय, पंकज, कुक्कू और मन्नू लॉकडाउन के दौरान सिल्थाम तिराहे पर घूम रहे थे। ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मी ने उनसे अनावश्यक घूमने का कारण पूछा तो पुलिस कर्मी के साथ गाली-गलौच कर बदसलूकी करने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे। गाली देने का विरोध करने पर आरोपियों ने उग्र होकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान प्रवीण राय के साथ हाथापाई कर वर्दी फाड़ दी। अन्य पुलिस कर्मियों के रोकने पर आरोपी धमकी और गाली गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शनी के निर्देश पर पुलिस ने सभी आरोपियों के विरूद्ध धारा 186/ 188/ 147/ 269/ 332/353/504/506 और भादवि 51बी और आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ओपी शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।