कमांडो और क्वेराली ने जीते मुकाबले
- फोटो : Amar Ujala
बेड़ीनाग( पिथौरागढ़)। द्वितीय शिव शक्ति टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता में गुरुवार को कमांडो और क्वेराली की टीम अपने मुकबले जीतने में सफल रही। मैच के दौरान राजकीय शिक्षक संघ पिथौरागढ़ के पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेश बाफिला और हिमांशु जनरल स्टोर के संचालक हिमांशु मियान ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
डिग्री कॉलेज मैदान में गुरुवार को पहला मैच कमांडो 11 और चस्का 11 के बीच खेला गया। मौसम को देखते हुए मैच 12-12 ओवर का खेल गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चस्का 11 ने 4 विकेट खोकर 99 रन बनाए। नीरज ने 38, संदीप ने 19 रन का योगदान दिया। कमांडो 11 के पवन और करन ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में कमांडो 11 ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 5 विकेट खोकर 11वें ओवर में जीत दर्ज की। कमल ने 33, करन ने 22, राहुल ने 17 रन बनाए। कमल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच राईआगर और क्वेराली के बीच हुआ। राइआगर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 4 विकेट खोकर 89 रन बनाए। पंकज ने 37, नरेंद्र ने 23 रन बनाए। क्वेराली के दीपक ने 2 विकेट लिए। जवाब में क्वेराली ने 12वें ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दीपक ने 24, संतोष ने 17, दर्शन ने 12 रन बनाए। दीपक को मैन ऑफ द मैच चुना गया।