संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में रोस्टर के हिसाब से व्यापारी अपने प्रतिष्ठान खोलेंगे। सरकारी कार्यालयों में सुबह 10 बजे से चार बजे तक ही काम होगा, जबकि व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह सात से चार बजे तक खुलेंगे। सोमवार को पिथौरागढ़ में रेडिमेड, इलेक्ट्रानिक्स, जनरल स्टोर, प्लास्टिक गुड्स, घड़ी, चश्मे, पूजा सामग्री , बर्तन, हैंडलूम और कम्प्यूटर की दुकानें खुलेंगी। साथ ही नगर में बीयर बार और होटल पूरी तरह बंद रहेंगे। शराब की दुकानें भी शर्तों के साथ सुबह सात बजे से चार बजे तक खुलेंगी। इन दुकानों में पांच से अधिक लोगों की भीड़ नहीं होगी। डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में सुबह 10 बजे से 4 बजे तक कर्मचारी काम करेंगे। व्यापारिक प्रतिष्ठान भी सुबह सात से चार बजे तक खुलेंगे। उन्होंने लोगों से सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने और बिना मॉस्क पहने घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
::::बंद रहेगा परिवहन :::: पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन के पास परिवहन को लेकर कोई निर्देश शासन से नहीं मिला है। निर्देश मिलने तक परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एआरएम आरके आर्या ने बताया कि बसों के संचालन को लेकर भी कोई निर्देश नहीं मिल पाया है।