बोल्डर गिरने से बंद मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क। संवाद
धारचूला/मुनस्यारी(पिथौरागढ़)। पिथौरागढ़-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग नया बस्ती के समीप ध्वस्त हो गया है। इसके चलते पिथौरागढ़- धारचूला के बीच वाहनाें की आवाजाही ठप हो गई है। चीन सीमा को जोड़ने वाली लिपुलेख सड़क चौथे दिन भी यातायात के लिए नहीं खुल सकी है।
पिथौरागढ़-तवाघाट सड़क बृहस्पतिवार को दिन में नया बस्ती के पास बोल्डर और मलबा गिरने से ध्वस्त हो गई। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। घंटों तक सड़क नहीं खुलने से लोगों को जान जोखिम में डालकर पैदल ही दूसरी ओर जाना पड़ा। देर शाम तक सड़क पर आवागमन शुरू नहीं हो पाया था।
बुधवार रात हुई बारिश से मुनस्यारी जौलजीबी मार्ग सेलापानी दरांती के पास पहाड़ी दरकने से बंद हो गया। इसके चलते सुबह के समय यातायात बाधित रहा। मार्ग से बोल्डर हटाने के बाद वाहनों का संचालन सुचारु हुआ। मलबा और बोल्डर गिरने से तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग पेलसती, छिंकन सहित तीन स्थानों पर बंद है। बृहस्पतिवार को भी चीन सीमा को जोड़ने वाले इस मार्ग में यातायात ठप रहा। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बारिश के कारण मलबा और बोल्डर आने से एक बोर्डर रोड सहित जिले के 16 मार्ग बंद हैं। बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ सहित जनपद के अन्य हिस्सों में मौसम सामान्य रहा। सुबह आसमान में बादल छाए रहे। दिन में तेज धूप के कारण घाटी वाले क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी पड़ी। संवाद