अमर उजाला ब्यूरो
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ घाट नेशनल हाईवे मलबा आने के कारण 12 घंटे बंद रहा। इस दौरान कई वाहन फंसे रहे। रविवार की सुबह मलबा हटाने के बाद यातायात सुचारू हुआ। शनिवार की रात 9:30 पर घाट के समीप भारी मात्रा में पहाड़ी से मलबा और बोल्डर सड़क पर गिर गए इसके चलते रात भर यातायात संचालन ठप रहा। रविवार की सुबह जेसीबी और पोकलेन से मलबा हटाने का काम शुरू हुआ। सड़क पर विशालकाय बोल्डर होने के कारण मलबा जल्दी नहीं हटाया जा सका। इसके चलते मैदानी क्षेत्रों से राशन, सब्जी, दूध सहित अन्य सामान लेकर आ रहे वाहन फंसे रहे। सुबह 9:30 बजे यातायात शुरू हुआ। दिल्ली बैंड के पास लगातार पहाड़ी दरकने से हाईवे आए दिन बंद हो रहा है। एकमात्र लाइफ लाइन के बार बार बंद होने से सीमांत के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।