चंपावत/पिथौरागढ़। रोडवेज परिवहन निगम बस की कमी से जूझ रहा है। ज्यादातर रोडवेज डिपो में बसें पुरानी हो चुकी हैं, जो अक्सर बीच रास्ते में खराब हो जाती हैं। मंगलवार को दिल्ली से यात्रियों को लेकर आ रही पिथौरागढ़ डिपो की बस (यूके 07 पीए 4298) सुबह सात बजे लोहाघाट के देवराड़ी बैंड के पास अचानक खराब हो गई। बस खराब होने से 38 यात्रियों को घंटों दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। किसी तरह यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया। बस के परिचालक चंद्रपाल वर्मा ने बताया कि प्रेशर लीक होने की वजह से बस खराब हो गई थी। पिथौरागढ़ रोडवेज के एआरएम रविशेखर कापड़ी ने बताया कि रोडवेज वर्कशॉप में फिटनेस जांच के बाद ही बस को संचालित किया जाता है। संवाद