पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले को 23 नये चिकित्सक मिल गए हैं। इनमें से तीन चिकित्सकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। 20 अन्य चिकित्सक भी जल्द कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। सीमांत जिले में लंबे समय से रिक्त पदों पर चिकित्सकों की तैनाती करने की लोग मांग कर रहे थे। नये चिकित्सकों के आने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सीमांत जिले के जिला अस्पताल, सीएचसी,पीएचसी सहित कई अन्य अस्पतालों में लंबे समय से चिकित्सकों के पद रिक्त चल रहे थे। जिले के कई अस्पताल चिकित्सकों के अभाव में फार्मासिस्टों के भरोसे चल रहे हैं। नये चिकित्सकों के आने के बाद यह समस्या दूर हो सकेगी। जिला अस्पताल में ईएमओ (इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर) पद पर डॉ. आशू अवस्थी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। दो अन्य ने गंगोलीहाट और धारचूला संयुक्त अस्पताल में कार्यभार ग्रहण किया है। सीएमओ डॉ. एसएस ह्यांकी का कहना है कि जहां चिकित्सकों के पद ज्यादा रिक्त हैं वहां नये चिकित्सकों को तैनात किया जा रहा है।