रविवार को पिथौरागढ़ में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। कोहरे के कारण जहां मैदानी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप चल रहा है वहीं पहाड़ पर मौसम खुशनुमा बना है। पहाड़ पर रात को पाला गिरने से केवल सुबह-शाम ही ठंड हो रही है। दोपहर के समय मार्च जैसी धूप निकल रही है। इसके चलते धूप में बैठना भी मुश्किल हो रहा है।
अमूमन जनवरी में पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो जाती है। इस साल पिछले डेढ़ माह से बारिश नहीं होने के कारण मौसम सामान्य बना है। जिले का औसत तापमान न्यूनतम 4.5 तो अधिकतम 17.4 है। पिछले सप्ताह जनपद के ऊंचाई वाले इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाने और उच्च हिमालयी क्षेत्र में हल्का हिमपात होने से ठंड में बढ़ोतरी महसूस हुई थी।
चार-पांच दिनों से बादल छंटने के कारण तेज धूप निकल रही है। रविवार को भी आसमान पूरी तरह से साफ रहा। धूप खिली रहने से दिन में सामान्य से अधिक तपिश रही। सुबह और शाम के समय ही ठिठुरन महसूस की गई। मौसम विशेषज्ञ डॉ.चेतन भट्ट ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या हिमपात हो सकता है।
मुनस्यारी में भी खुशनुमा हुआ मौसम
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। हिमनगरी मुनस्यारी में मौसम खुशनुमा बना है। दिन में तेज धूप निकलने से यहां के लोगों को भी पिछले तीन-चार दिनों से कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। मौसम साफ रहने से यहां आने वाले पर्यटक भी खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। हालांकि रात के समय पाला गिरने के चलते सुबह और शाम के समय लोगों को ठिठुरन से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। संवाद