बलुवाकोट (पिथौरागढ़)। बलुवाकोट बाजार में काली नदी किनारे बनाई गई सुरक्षा दीवार दो साल पहले क्षतिग्रस्त होनी शुरू हो गई थी। सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने के कारण मुख्य बाजार से मल्ली बाजार मंदिर तक कई मकानाें और दुकानों को खतरा पैदा हो गया है। लोग कई बार नदी किनारे सुरक्षा दीवार बनाने की मांग कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब लगातार हो रही बारिश से सुरक्षा दीवार को और भी अधिक खतरा हो गया है।
लोगों को कहना है कि अगर समय रहते काली नदी के किनारे प्रशासन ने सुरक्षा दीवार का निर्माण कर दिया होता तो आज वे डर के साए में नहीं रहते। मुख्य बाजार से लेकर मल्ली बाजार मंदिर तक सुरक्षा दीवार कई जगह क्षतिग्रस्त है। कई जगह दीवार में गहरी दरारें पड़ी हुई हैं। इस कारण लगभग 40 मकानों और दुकानों को खतरा पैदा हो गया है। लोगों की मांग के बाद भी सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से उन्हें अनहोनी का डर सता रहा है।
काली नदी किनारे बनी सुरक्षा दीवार अगर समय रहते ठीक कर दी गई होती तो डर नहीं रहता। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से अनहोनी का डर लगा रहता है। - पंकज मेहरा, स्थानीय।
प्रशासन को समस्या से पहले ही अवगत करा दिया गया था। फिर भी काली नदी किनारे सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। लगातार बारिश से काली नदी का जलस्तर उफान मार रहा है। हमेशा डर बना रहता है। - मेहताब हुसैन, स्थानीय।