संवाद न्यूज ऐजेंसी, झूलाघाट (पिथौरागढ़)। क्षेत्र के लोगों ने झूलाघाट टेलीफोन एक्सचेंज की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। कनेक्शन न मिलने से लोगों के अॅानलाइन कामों में दिक्कत होने लगी है। सीमांत के कई गांवों में बीएसएनएल सहित निजी कंपनियों के नेटवर्क नही आते हैं। जिस कारण कोरोना काल में बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई में दिक्कत होने लगाी है। मोबाइल का प्रयोग अधिक होने से लैंडलाइन कनेक्शनों की मांग कम हुई है, लेकिन सीमांत के झूलाघाट कस्बे में आज भी 60 से अधिक लैंडलाइन फोन हैं। जिनका प्रयोग ब्राडबैंड के लिए ही किया जाता है। एक्सचेंज की क्षमता बढ़ने पर लोग ब्राडबैंड कनेक्शन लेने के इच्छुक है। कस्बे की जनसंख्या के अनुरुप झूलाघाट एक्सचेंज की क्षमता बहुत ही कम है। झूलाघाट के भरत भट्ट, प्रकाश नरियाल, नीलम भट्ट, डाॅ. प्रकाश पंगरिया, नीरज भट्ट सहित 25 से अधिक लोग कई बार विभाग से कनेक्शन की मांग कर चुके है। व्यापार संघ अध्यक्ष संजीव जोशी ने दूरसंचार विभाग के अधिकारियों से ऐक्सचेंज की क्षमता बढ़ाने की मांग की हैं।