लोहाघाट स्टेशन में बस लगी हैं, लेकिन मुसाफिर नदारद। संवाद
चंपावत। होली पर्व पर मंगलवार को रोडवेज 15 बस सेवाओं में से सिर्फ दो रूटों (दिल्ली और देहरादून) पर ही बसें चलाएगा। इन दोनों मार्गों पर यात्रियों की जरूरत को देखते हुए बसों का संचालन किया जाएगा लेकिन नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली, ऋषिकेश, काशीपुर, लखनऊ रूट पर कोई बस नहीं चलेगी। वहीं होली के दिन बुधवार को लोहाघाट डिपो किसी भी रूट पर कोई बस नहीं चलाएगा। एजीएम नरेंद्र कुमार गौतम का कहना है कि आठ मार्च को रोडवेज बस सेवाओं का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इधर सोमवार को रोडवेज की बस सेवाओं का संचालन सामान्य रहा। सभी 15 बसें तयशुदा मार्गों पर चलीं।
दूध की कल नहीं होगी आपूर्ति
चंपावत। होली के दिन बुधवार को दूध की आपूर्ति नहीं होगी। दुग्ध संघ के प्रबंधक पुष्कर सिंह नगरकोटी ने बताया कि बुधवार को दुग्ध संघ न दूध एकत्र करेगा और ना ही वितरण करेगा। मंगलवार को उपभोक्ता अतिरिक्त दूध ले सकते हैं। बुधवार को सिर्फ मैदानी क्षेत्र टनकपुर, बनबसा और सैन्य क्षेत्र में ही दूध की आपूर्ति होगी।
-
लोहाघाट में पेयजल आपूर्ति के लिए लगाए दो टैंकर
लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट नगर में पेयजल किल्लत वाले शहरी क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। जल संस्थान के ईई विलाल युनूस ने बताया कि दो टैंकरों से दिन भर पानी की आपूर्ति की जाएगी। लोहाघाट में आदर्श कॉलोनी, पटवारी चौकी से लाशघर तक, राय चक्की से डिग्री कॉलेज रोड तक, खेतीखान रोड, गोरखानगर, मीनाबाजार, कचहरी वार्ड, अस्पताल कॉलोनी और ठाड़ाढुंगा में बुधवार को आंशिक रूप से पेयजल आपूर्ति होगी। इन इलाकों में टैंकरों से व्यवस्था सामान्य की जाएगी।