विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नारायण आश्रम। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नारायण आश्रम में पार्किंग का निर्माण जल्द होगा। इसके लिए शासन से धन की स्वीकृति मिल गई है। पार्किंग के निर्माण के बाद यहां आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को काफी राहत मिलेगी।
जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) के माध्यम से यहां पर पार्किंग बनाई जाएगी। डीडीए ने कुछ समय पहले पार्किंग निर्माण के लिए 428.60 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था जिसे स्वीकृति मिल गई है।
साथ ही पार्किंग निर्माण के लिए 40 प्रतिशत धन (171.44 लाख रुपये) डीडीए को भेज दिया है। डीडीए ने इस धन को कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को भेज दिया है। कार्यदायी संस्था निविदा प्रक्रिया शुरू कर जल्द ही पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू कर देगी।
कलक्ट्रेट और बजेटी चंडाक में पार्किंग के निर्माण के लिए मिला धन
पिथौरागढ़। कलक्ट्रेट में 40 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग के निर्माण के लिए शासन से 139.90 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के साथ ही निर्माण कार्य के लिए 60 प्रतिशत धन (83.94 लाख रुपये) भी मिल गए हैं। इसके अलावा बजेटी चंडाक में पार्किंग निर्माण के लिए 343.36 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के साथ ही 40 प्रतिशत धन (137.74 लाख रुपये) मिल गए हैं। संवाद
नारायण आश्रम, बजेटी चंडाक और पिथौरागढ़ कलक्ट्रेट में पार्किंग के निर्माण के लिए शासन से धन की स्वीकृति मिल गई है। तीनों स्थानों पर जल्द ही पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -पीएस भंडारी, प्राधिकरण सहायक पिथौरागढ़।