पिथौरागढ़ में नेहरू पार्क के पास बनने वाली पार्किंग का डिजायन। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। देवसिंह मैदान के पास स्थित नेहरू पार्क में पार्किंग, शॉपिंग कांप्लेक्स और ओपन पार्क का निर्माण किया जाएगा। ग्रामीण निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनाकर जिला विकास प्राधिकरण को दिया है जहां से यह प्रस्ताव स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
प्राधिकरण सहायक पीएस भंडारी ने बताया कि नेहरू पार्क के भूतल में पांच बाइकों और 14 कारों के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। इसके दूसरे तल पर पांच कारों और 28 बाइकों को पार्क करने के लिए पार्किंग बनाई जाएगी। तीसरे तल पर शॉपिंग कांप्लेक्स बनाया जाएगा जिसमें 27 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। चौथे तल पर ओपन पार्क का निर्माण किया जाएगा जिसकी छत पर मिट्टी भरकर उसमें प्लांटेशन किया जाएगा।
इसके अलावा पार्क के किनारे लगे पेड़ों को नहीं काटा जाएगा। उन पेड़ों को संरक्षित करते हुए निर्माण कार्य किए जाएंगे।
भंडारी ने बताया कि इन सभी कार्यों के लिए शासन को चार करोड़ तिरेपन लाख का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को धनराशि दे दी जाएगी। ग्रामीण निर्माण के विभाग सहायक अभियंता नीरज चंद्र ओली ने बताया कि स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
वर्षों से बदहाल है नेहरू पार्क
पिथौरागढ़। देव सिंह मैदान के ऊपर स्थित नेेहरू पार्क लंबे समय से बदहाल पड़ा है। पार्क के अंदर लावारिस जानवर बैठे रहते हैं। इसके अलावा पार्क नशेड़ियों का भी अड्डा बना हुआ है। पार्किंग, शॉपिंग कांप्लेक्स और ओपन पार्क बनने के बाद इस स्थान की हालत सुधर जाएगी। संवाद