पिथौरागढ़। दो दिवसीय आउटरीच ट्रेनिंग प्रोग्राम सोमवार को विकास भवन सभागार में शुरू हो गया। पहले दिन विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना और सेवा का अधिकार अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों, प्रक्रियाओं व व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही आज की आवश्यकता है। सूचना प्रौद्योगिकी के तेजी से विस्तार के बीच सभी को अपने कार्यों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अंजाम तक पहुंचना जरूरी है। प्रशिक्षण में सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, टीआई नैनीताल से पहुंची असिस्टेंट प्रोफेसर मंजू पांडेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।