संवाद न्यूज एजेंसी
मुनस्यारी। राजकीय महाविद्यालय मुनस्यारी में विगत एक सप्ताह से उत्तराखंड शासन के निर्देश पर ऑनलाइन कक्षाएं शुरू हो गई हैं। यह जानकारी देते हुए प्राचार्य डॉ एमपी नगवाल ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय मुनस्यारी के सभी शिक्षक विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षण सामग्री /लेक्चर तथा स्टडी मैटेरियल उपलब्ध करा रहे हैं । मुनस्यारी महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भी इसमें काफी रुचि ले रहे हैं । उनके लिए यह नवीन अनुभव है । इस वक्त ऑनलाइन कक्षाओं में लगभग डेढ़ सौ विद्यार्थी ऑनलाइन क्लासेज अटेंड कर रहे हैं। प्राचार्य ने बताया कि ऑनलाइन शिक्षण की जिम्मेदारी अंग्रेजी विषय मे प्रदीप मंडल, राजनीति शास्त्र विषय में डॉ रवि जोशी, डॉ अमित कुमार जोशी एवं राज कमल किशोर को दी गई है। इसी प्रकार इतिहास विषय में सुश्री मंजू मेहरा, डॉ. शैलेश भंडारी एवं डॉ नीलम पढ़ा रहे हैं।
भूगोल विषय में डॉ दीपक ऑनलाइन अध्ययन करा रहे हैं। अर्थशास्त्र विषय में सुश्री चेतना अरोड़ा , समाजशास्त्र में नरेश ग्वाल द्वारा ऑनलाइन क्लासेस ली जा रही है। इसी प्रकार हिंदी विषय में हेमंती बथयाल, चेतन जोशी एवं सुश्री प्रेमा पांडे द्वारा ऑनलाइन कक्षाएं ली जा रही है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन अध्ययन के माध्यम से विद्यार्थियों को भी नवीन अनुभव प्राप्त हो रहे हैं और विद्यार्थी इसमें बहुत अधिक रूचि ले रहे हैं। प्राचार्य डॉ एमपी नगवाल का कहना है कि यद्यपि नैटवर्क की समस्याओं तथा दूरस्थ गावों में होने के कारण सभी विद्यार्थी ऑनलाइन शिक्षण से नहीं जुड़ पा रहे हैं, ऐसे में महाविद्यालय का प्रयास है कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षण से जोड़ कर उनके पाठ्यक्रम को पूर्ण किया जाय। ऑनलाइन शिक्षण के अंतर्गत विद्यार्थियों के प्रश्नों तथा जिज्ञासाओं का भी समाधान किया जा रहा है। उन्होंने महाविद्यालय के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन अध्ययन सुविधा का लाभ उठाने का आह्वान किया है।