संवाद न्यूज एजेंसी, मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी से हरकोट जाते समय एक ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरकोट गांव निवासी देव सिंह धर्मशक्तू (55) पुत्र रतन सिंह बृहस्पतिवार की शाम मुनस्यारी बाजार से अपने गांव हरकोट जा रहे थे। भारी बारिश के दौरान पैर फिसलने से छिड़ी नामक स्थान पर चट्टान से गिरकर देव सिंह की मौत हो गई। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर शुक्रवार की सुबह ढूढखोज की गई। उसका शव तीन सौ फीट नीचे खाई में मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुनस्यारी पुलिस को दी। इसके बाद थानाध्यक्ष आसिफ खान के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को खाई से निकाला। मृतक के सात बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी की शादी हो गई है, जबकि सबसे छोटी बेटी पांच साल की है। देव सिंह ही परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत से पत्नी ढीला देवी के ऊपर अब बच्चों के भरण पोषण की जिम्मेदारी आ गई है। बताया जा रहा है कि मुनस्यारी-हरकोट मोटर मार्ग के मलबे के कारण पैदल मार्ग बदहाल पड़ा है। इससे भविष्य में भी हादसा होने का खतरा बना हुआ है। धारचूला विधायक हरीश धामी ने इस घटना पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने आपदा के तहत शीघ्र मुवावजा देने की मांग की है।