धारचूला( पिथौरागढ़)। तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग के एलागाड़ के समीप पहाड़ी से हुए भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का धारचूला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम कमल सिंह चिफलतरा निवासी उम्र 35 वर्ष खराब जेसीबी मशीन को ठीक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। मलबे और पत्थरों में दबने से उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद एक अन्य प्रकाश बहादुर नेपाल निवासी घायल हो गया। सूचना पर कोतवाल कुंवर सिंह रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को सीएचसी धारचूला की मोर्चरी में रखा गया है। घायल का धारचूला अस्पताल में उपचार चल रहा है। संवाद