अमर उजाला ब्यूरो, पिथौरागढ़। सोमवार को पिथौरागढ़ में कोरोना के दो और पॉजिटिव मामले मिले है। जिले में अब कोराना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है। पिथौरागढ़ जिले में आ रहे सभी प्रवासी व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण/स्क्रीनिंग के पश्चात क्वारंटीन किया जा रहा है। इनकी रेंडम सैंपलिंग कर कोरोना जांच भी की जा रही है।
पिथौरागढ़ जनपद चिन्हित 94 संस्थागत क्वारंटीन केंद्रों में अभी 33 संचालित हैं। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित पंचायत व विद्यालय भवन एवं सरकारी भवनों में भी प्रवासियों को रखा गया है। जिले में 15 जून तक कुल 643 व्यक्ति संस्थागत क्वारंटीन में हैं। इनके अलावा 7515 व्यक्ति होम/पंचायत क्वारंटीन में हैं। 30107 व्यक्तियों ने 14 दिन का होम/पंचायत क्वारंटीन पूरा कर लिया है।
15 जून तक जिले से कुल 1317 व्यक्तियों के लैब सैंपल लिए गए, जिनमें 1190 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। सोमवार को दो और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में अब तक कुल 53 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें 28 व्यक्तियों को स्वस्थ हो जाने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है। 67 की जांच रिपोर्ट अभी आनी है। 15 जून तक जिले में विभिन्न राष्ट्रों समेत देश के विभिन्न प्रान्तों व प्रदेश के जिलों से कुल 38192 व्यक्ति पिथौरागढ़ जिले में आए हैं। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने क्वारंटीन हुए सभी प्रवासी व्यक्तियों से पूर्ण अनुपालन करने को कहा है।