पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। चंडाक ह्यूपानी मार्ग पर तेंदुआ एक बाइक सवार पर झपट पड़ा। इस हमले में बाइक सवार मामूली रूप से घायल हुआ। जिला अस्पताल में घायल का इलाज कराया गया।
जानकारी के अनुसार प्लंबर का कार्य करने वाले पौण निवासी अर्जुन सिंह ह्यूपानी मार्ग से जा रहे थे। इसी बीच एक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। अर्जुन ने साहस का परिचय देते हुए तेंदुए को भगा दिया लेकिन उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिर पड़े। उन्हें मामूली चोट बताई जा रही है। वन रेंजर पीएस देउपा ने बताया कि क्षेत्र में गश्त के लिए टीम भेजी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से जंगलों में आग नहीं लगाने का अनुरोध किया है।
उनका कहना है कि जंगल में आग से तेंदुए वहां से भाग रहे हैं। उन्होंने उक्त मार्ग पर आवागमन करने वालों से भी सतर्क रहने को कहा है। उधर गंगोलीहाट के जाखनी उप्रेती में एक चार साल के बच्चे को मारने और एक बालिका को घायल करने वाला तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। ग्रामीण दहशत में हैं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के भय से बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। सभी ग्रामीण खेती किसानी से जुड़े हैं। तेंदुए के हमले की आशंका से खेतीबाड़ी का काम भी प्रभावित हो रहा है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग की एक टीम गांव में गश्त कर रही है। इसके अलावा एक पिंजरा भी लगाया गया है। संवाद