चंपावत। एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के चंपावत कैंपस में छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है। 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा।
बृहस्पतिवार को निदेशक डॉ. सुभाष चंद्रा की अध्यक्षता में छात्रसंघ चुनाव के लिए बैठक हुई। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. भवान सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को सुबह 11 से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। 26 को सुबह 11 से एक बजे तक नामांकन और एक से तीन बजे तक नाम वापसी होगी। नामांकन पत्रों की जांच एक से तीन बजे तक होगी। इसी दिन तीन बजे बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। मतदान 29 सितंबर को सुबह 9:30 से दो बजे तक होगा। तीन बजे मतगणना होगी और इसके बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। इस दौरान संभावित प्रत्याशी, पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, कैंपस स्टाफ आदि मौजूद रहे।