धारचूला (पिथौरागढ़)। पीएमजीएसवाई में कार्मिकों की कमी के चलते सीमांत क्षेत्र धारचूला और मुनस्यारी के कार्यों में विलंब हो रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों में भी रोष पनप रहा है।
पीएमजीएसवाई लोनिवि खंड धारचूला के प्रभारी अधिशासी अभियंता किशन सिंह ऐरी ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 62 कार्यों में से 41 मार्गों पर 375 किमी निर्माण कार्य किया गया है। 137 किमी लंबाई के 14 ग्रामीण मार्गों पर मरम्मत, अनुश्रवण कार्य कराया जा रहा है। फेज तीन में छह ग्रामीण मार्गों के उच्चीकरण कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनके अलावा केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना वाईब्रेंट विलेज के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय सीमा में स्थित गांव, बसासतों को जोड़ने के लिए पांच मोटर मार्ग और 21 सेतुओं का निर्माण किया जाना भी प्रस्तावित है।
वर्तमान में इनकी डीपीआर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई लोनिवि के अंतर्गत महज दो सहायक और चार कनिष्ठ अभियंता कार्यरत हैं। इनमें से एक सहायक अभियंता के अधीन अधिशासी अभियंता का अतिरिक्त कार्यभार है। ऐरी ने बताया कि निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्वक कराने के लिए नियमित निरीक्षण की आवश्यकता होती है। बताया कि खंड के अंतर्गत नियमित स्टॉफ की तैनाती के लिए अनुरोध पत्र उच्चाधिकारियों को भेजा गया है। सामाजिक कार्यकर्ता नंदा बिष्ट का कहना है कि स्टॉफ की कमी के कारण सड़क निर्माण कार्य में देरी हो रही है। उन्होंने शीघ्र शासन से स्टॉफ की नियुक्ति करने की मांग की है।