पिथौरागढ़। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर फिलहाल सुरक्षा कारणों से रात में वाहनों के लिए घाट पर गेट नहीं खोला जा रहा है। रविवार को भी सुबह पांच बजे घाट में बैरियर खुलने के बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।
टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर रात में भी वाहनों के लिए खुला रखने की घोषणा के बाद चंपावत से शनिवार रात से वाहनों को भेजना शुरू कर दिया गया लेकिन पिथौरागढ़ से घाट तक इस हाईवे पर चलने वाले वाहनों के लिए सुरक्षा कारणों से अभी रात को गेट नहीं खोला जा रहा है। रात के समय दिल्ली, देहरादून से आने वाली वाहनों के लिए एनएच खोले जाने के आदेश नहीं होने के कारण रोडवेज की बस सहित अन्य वाहन सुबह जल्दी पिथौरागढ़ नहीं पहुंच पाए।
एनएच पर रात के समय वाहनों की आवाजाही शुरू होने की सूचना से रोडवेज बस के यात्री बेहद खुश थे कि अब उनका सफर 12 घंटे में पूरा हो जाएगा। उधर, ककराली गेट खुलने से टनकपुर से बसें रात के समय ही पिथौरागढ़ के लिए रवाना हो गई थी। इधर, घाट पर गेट बंद होने से सुबह पांच बजे तक वाहनों को इंतजार करना पड़ा। घाट चौकी इंचार्ज एसआई सुरेश कंबोज ने बताया कि एनएच पर रात के समय आवाजाही के लिए जिला प्रशासन से कोई आदेश जारी नहीं हुए हैं। ऐसे में सुबह बसों के लिए घाट का गेट नहीं खोला गया है। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ में रात में आठ बजे बाद सिर्फ विशेष परिस्थिति में गेट खोला जाता है।
बता दें कि सीएम पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद पिथौरागढ़ के एसडीएम अनुराग आर्य, एआरटीओ केएस पलड़िया और पुलिस ने एनएच का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया था। उन्होंने आठ स्थल ऐसे चिन्हित किए थे जहां पर क्रश बैरियर सहित अन्य सुरक्षा के इंतजाम किए जाने हैं। एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि कुछ स्थानों पर क्रश बैरियर लगाए जाने हैं। कुछ स्थानों पर प्रकाश की व्यवस्था की जानी है। सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम होते ही रात में वाहनों के लिए गेट खोल दिया जाएगा।