पाटी (चंपावत)। बाजार में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए मंगलवार को पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। थानाध्यक्ष रमेश चंद्र बेलवाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत सड़क पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। एसडीएम, व्यापारियों और पुलिस की संयुक्त बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, अब पाटी बाजार में सुबह आठ बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने दोपहिया वाहन एक तरफ पार्क करने और चारपहिया वाहन बाजार से बाहर खड़े करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।