धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला में जल्द नए यातायात नियम लागू होंगे। कोतवाल ने कहा यातायात के नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाल विजेंद्र साह की अध्यक्षता में सोमवार को बैठक हुई जिसमें लोगों ने नगर की यातायात व्यवस्था की शिकायत की। कोतवाल ने बताया कि नगर मेंं पूर्व की तरह गांधी चौक से तहसील तक सड़क में सेंट्रल पार्किंग होगी, जिसमें सिर्फ जाने वाली टैक्सियां ही खड़ी हाेंगी। अन्य टैक्सियां नदी किनारे पार्किंग में खड़ी होंगी।
यातायात व्यवस्था के लिए वन वे नियम लागू रहेगा। अटल चौक से आरा मशीन होते हुए टैक्सियां बाजार तक पहुंचेंगी। सिर्फ 108 चिकित्सा वाहन ही अटल चौक से अस्पताल तक आ जा सकेंगे। नगर के मल्ली बाजार में खड़े निजी वाहन, टैक्सियां हटाई जाएंगी। भारी वाहन सुबह साढ़े आठ बजे से पहले और शाम चार बजे के बाद ही खड़े कर उनसे सामान उतारा और चढ़ाया जा सकेगा।
बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष बीएस थापा, विधायक प्रतिनिधि नृप गर्ब्याल, ब्लाॅक प्रमुख धन सिंह धामी, रुकुम बिष्ट, अशोक नबियाल, कृष्णा गर्ब्याल, नंदा बिष्ट, प्रेमा कुटियाल, राधा, नेत्र सिंह कुंवर, कमल कौशल, गोपाल सिंह बिष्ट, जीवन रौंकली, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष पुरु नबियाल, हरीश गुंज्याल, प्रकाश गुंज्याल आदि रहे।