पिथौरागढ़। छह अगस्त को बंदी गृह पिथौरागढ़ से फरार अनुष्का उर्फ आकृति बुढ़ाथोकी को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तड़ीगांव (थल) के जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवती के भागने में मदद करने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। युवती को भगाने में एक नाबालिग लड़की और बंदीगृह में एनडीपीएस एक्ट में बंद एक विचाराधीन कैदी ने भी मदद की थी। फरार युवती के पकड़ में आने से पुलिस ने राहत की सांस ली है।
नेपाल के दार्चूला दुमलिंग निवासी अनुष्का (25) छह अगस्त को बंदीगृह पिथौरागढ़ से फरार हो गई थी। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा-224 आईपीसी में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। युवती के खिलाफ कोतवाली धारचूला में वर्ष 2021 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। बंदीगृह से फरार होने के बाद एसपी लोकेश्वर सिंह ने पुलिस, एसओजी, एएचटीयू सहित 12 टीम गठित की थीं।
उसकी गिरफ्तारी के लिए नेपाल सीमा से सटे सभी जिले के बैरियर, अंतरराष्ट्रीय झूलापुलों में भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस ने नगर के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अनुष्का को नौ अगस्त को रविंद्र भट्ट उर्फ रवि भट्ट (27) निवासी ग्राम चलियागांव पोस्ट तड़ीगांव थाना थल के साथ तड़ीगांव के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। रविंद्र ने उसके भागने में मदद की थी। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस ने नेपाली युवती की भागने में मदद करने वाले नाबालिग के स्थानीय संरक्षक को प्रारूप-2 नियम 8/7 का नोटिस दिया है। साथ ही बंदीगृह से युवती के भागने में मदद करने वाले हरीश बिष्ट निवासी हिमखोला धारचूला के खिलाफ धारा- 216/ 120बी आईपीसी की बढ़ोतरी की है। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज है।
युवती की भागने में मदद करने वाले के खिलाफ हैं कई मुकदमे दर्ज
पिथौरागढ़। बंदीगृह से युवती की भागने में मदद करने वाले रविंद्र भट्ट उर्फ रवि भट्ट के खिलाफ थल थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 147/ 323/ 341/ 325/ 326/ 504/ 506 और थल थाने में आबकारी अधिनियम सहित कई अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्तमान में जेल से जमानत पर छूटा था। संवाद
कोट
पिथौरागढ़ बंदीगृह से फरार चल रही एनडीपीएस एक्ट की आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती को भागने में मदद करने वाले रवि भट्ट को भी गिरफ्तार किया गया है। एक नाबालिग के संरक्षक को नोटिस दिया गया है। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट में बंदीगृह में बंद प्रदीप बिष्ट के खिलाफ भी धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। - लोकेश्वर सिंह, एसपी पिथौरागढ़।