डीडीहाट (पिथौरागढ़)। सीएचसी डीडीहाट में तीन सूत्री मांगों के लिए चल रहे आंदोलन को समर्थन देते हुए यूथ राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर ने धरना दिया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन क्षेत्र की जनता की महत्वपूर्ण मांग को लेकर गंभीर नहीं है।
बुधवार को 15वें दिन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर, जिलाध्यक्ष कांग्रेस डीडीहाट नंदा बिष्ट के साथ कार्यकर्ताओं ने चिल्ड्रन पार्क में धरना दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार हर तरफ फेल है। वहीं ग्राम सभा भनड़ा के ग्रामीण ढोल नगाड़ों के धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे बाजार में सरकार के खिलाफ जुलूस निकालकर सीएचसी की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। भनड़ा के पूर्व ग्राम प्रधान गणेश कन्याल ने कहा कि पहाड़ में आधे से अधिक गांवों में पलायन होने का कारण बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था ही है।
पूर्व प्रधान भनड़ा गणेश कन्याल और पूर्व सैनिक पुष्कर सिंह कन्याल ने कहा कि पहाड़ के गांव हर साल स्वास्थ्य सुविधा न मिलने से खाली होते जा रहे हैं लेकिन सरकार मूलभूत सुविधा नहीं दे पा रही है। रघुवर सिंह कन्याल ने कहा कि सरकार एम्स जैसे संस्थानों को मैदानी क्षेत्रों में खोलकर पहाड़ की जनता के साथ अन्याय कर रही है। धरने पर प्रेम सिंह, मंगल सिंह, आन सिंह, पूर्व प्रधान गीता कन्याल, कमला कन्याल आदि बैठे।
जिला अस्पताल में सर्जन डाॅ. मुकेश ने संभाला कार्यभार
पिथौरागढ़। बीडी पांडे जिला अस्पताल में सर्जन डॉ. मुकेश कुटियाल ने पदभार संभाल लिया है। उनकी तैनाती के बाद अस्पताल में तीन सर्जन हो गए हैं। अब मरीजों की ओपीडी और ऑपरेशन आसानी से हो सकेंगे। बता दें कि इसी वर्ष जून तक एकमात्र वरिष्ठ सर्जन डॉ. एलएस बोरा मरीजों का इलाज कर रहे थे। दूसरे सर्जन डॉ. इकरार अली की तैनाती जून 2023 में हुई। अब तीन सर्जन होने से मरीजों को इलाज मिलने में सहूलियत होगी। पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने बताया कि इस हफ्ते तीसरे सर्जन डॉ. मुकेश की तैनाती हुई है। वह पहले विण विकासखंड के जाखपुरान अस्पताल में पांच साल सेवाएं दे चुके हैं। पीजी करने के बाद उनकी तैनाती फिर से अस्पताल में हुई है। अब किसी सर्जन के अवकाश पर जाने से ऑपरेशन और ओपीडी प्रभावित नहीं होगी। संवाद