डीडीहाट(पिथौरागढ़)। रामलीला में 28 वर्षों से हनुमान का किरदार निभाने वाले कलाकार नरेंद्र सिंह खोलिया का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। डीडीहाट के शिव मंदिर वार्ड में रहने वाले नरेंद्र सिंह खोलिया कुछ समय से बीमार चल रहे थे। हल्द्वानी के निजी अस्पताल में अपना इलाज कराकर तीन दिन पूर्व डीडीहाट पहुंचे खोलिया का स्वास्थ्य रविवार की रात को बिगड़ गया। सोमवार सुबह उन्हें सीएचसी लाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नरेंद्र सिंह ने वर्ष 1998 से डीडीहाट की रामलीला में हनुमान का किरदार निभाना शुरू किया। इसके चलते उन्हें हनुमान के नाम भी पहचान मिली। उनके निधन पर रामलीला मैदान में उनके पार्थिव शरीर को रखकर दो मिनट का मौन रखा गया। विधायक बिशन सिंह चुफाल, पालिकाध्यक्ष गिरीश चुफाल, रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, व्यापार संघ के पदाधिकारी ने इनके निधन पर दुख जताते हुए शोक संवेदना प्रकट की। संवाद