पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ की नैनीसैनी हवाई पट्टी का डीजीसीए की टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
नैनीसैनी हवाई पट्टी से 20 सीटर विमान उड़ाने की तैयारी है। विमान संचालन के लिए लाइसेंस की जरूरत है। सभी व्यवस्थाओं के दुरुस्त होने के बाद डीजीसीए लाइसेंस जारी करेगी। मंगलवार को खराब मौसम के बीच दिल्ली से डीजीसीए की टीम नैनीसैनी हवाई पट्टी पहुंची। टीम ने नैनीसैनी हवाई पट्टी में पूर्व में पाई गई कमियों को जांचा।
पिछले माह आई डीजीसीए की टीम ने जिन कमियों को चिह्नित कर सुधारने के निर्देश दिए थे उनका भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीजीसीए की टीम को एयरपोर्ट मैनेजर एसडीएम अनुराग आर्य ने वर्तमान में हवाई पट्टी क्षेत्र के आसपास चल रही गतिविधियों के बारे में बताया। प्रशासन ने एयरपोर्ट में पॉपी लाइट लगाने, फ्यूल टैंक सहित अन्य निर्माण कार्य पूरा कर लिया है।
विमान के उड़ान भरने में बाधक बन रहे तीन भवनों को भी ढहाया जा चुका है। अब केवल एक मकान को पूरी तरह जबकि चार मकानों की ऊपरी मंजिलों को ध्वस्त करना है। प्रशासन की इस कवायद के बाद नैनीसैनी से जल्दी विमान सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है।