पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई अड्डे से नियमित हवाई सेवा शुरू करने और सरकार की सद्बुद्धि के लिए ऑल इंडिया सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी ने नैनीसैनी हवाई अड्डे के पास हवन किया। उन्होंने हवाई सेवा शीघ्र शुरू नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सोसायटी से जुड़े लोग बृहस्पतिवार को नैनीसैनी हवाई अड्डे के पास पहुंचे। यहां उन्होंने विधि विधान से उपवास रखकर सरकार की सद्बुद्धि और नियमित हवाई सेवा शुरू करने को लेकर हवन किया। आरोप लगाया कि सरकार हवाई सेवा के नाम पर लोगों को लंबे समय से गुमराह कर रही है। वर्ष 1991 में हवाई पट्टी के विस्तार के बाद से सीमांत के लोगों को हवाई सेवा के सपने दिखाए जा रहे हैं। सरकार नियमित हवाई सेवा शुरू करने के लिए तारीख पर तारीख बदल रही है। तारीख बदलने के बाद भी हवाई सेवा शुरू नहीं हो पाई है।
सोसायटी अध्यक्ष दयानंद भट्ट ने कहा कि हवन करने का मुख्य उद्देश्य सरकार को सद्बुद्धि देने और नियमित हवाई सेवा शुरू करना है। उन्होंने कहा कि हवन होने के बाद भूमि की शुद्धि भी हो गई है। महासचिव ललिता प्रसाद जोशी ने कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से सभी लोगों को लाभ मिलेगा। पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी जिससे रोजगार भी बढ़ेगा। सरकार ने नियमित हवाई सेवा शीघ्र शुरू नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान सोसायटी के उपाध्यक्ष पीडी भट्ट, महासचिव इ. ललिता प्रसाद जोशी, कोषाध्यक्ष बुद्धि बल्लभ भट्ट, धनीराम चन्याल, सोबन सिंह खड़ायत, मनोहर सिंह जेठी, पूर्व सैनिक शमशेर महर, राम सिंह आदि मौजूद थे।