डीडीहाट डायट में आयोजित कार्यशाला में शामिल शिक्षक।
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में भी अब मशरूम उत्पादन होगा। पांच दिवसीय जीवन कौशल कार्यशाला के समापन पर मशरूम उत्पादन यूनिट का शुभारंभ हुआ। प्राचार्य भाष्करानंद पांडे ने कहा कि विद्यालयों को भी मशरूम उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा ताकि बच्चों के मध्याह्न भोजन में इसे शामिल किया जा सके। कहा कि विद्यालयों में मशरूम उत्पादन की कार्यशाला का आयोजन होगा। इस दौरान संदर्भदाता सदानंद भट्ट, भुवन चंद्र पांडे, हर्षिता पुनेठा, हरीश कुमार, चंद्रशेखर जोशी, रामकुमार साहू, डॉ. अतुल बड़ोनी, संजीव पांडे (सेवानिवृत्त आईएएस) ने जिले के शिक्षकों को संगीत, वित्तीय साक्षरता, स्वास्थ्य शिक्षा, जीवन कौशल आदि की बारीकियां बताते हुए इसे विद्यार्थियों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यशाला का संचालन चंद्रशेखर मखौलिया ने किया।