धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला के सुवा गांव में युवक ने आपसी विवाद में चचेरे भाई की हत्या कर दी। विवाद के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार शाम सुवा गांव के खीम तोक निवासी 29 वर्षीय रूप सिंह पुत्र मदन सिंह और 22 वर्षीय देवेंद्र सिंह पुत्र खुशाल सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो नौबत हाथापाई तक की आ गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान मदन ने रूप सिंह की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
रूप सिंह के पिता मदन सिंह ने सोमवार को धारचूला कोतवाली में तहरीर दी। इसके बाद कोतवाल कुंवर सिंह रावत के नेतृत्व में एसआई अंबी आर्या, प्रदीप यादव सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा भरने के बाद शव को सीएचसी धारचूला लाया गया। कोतवाल ने बताया कि आईपीसी की धारा-302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के शरीर में चोट के निशान नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
-लोकेश्वर सिंह, एसपी, पिथौरागढ़।