जिला मुख्यालय में सोमवार की सुबह कड़ाके की ठंड का असर रहा। सुबह से ही तेज हवा चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आज यहां का न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह रविवार की तुलना में 1.2 डिग्री कम था। अधिकतम तापमान में थोड़ा सुधार आया है। दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 17 डिग्री रिकार्ड किया गया। मुनस्यारी में आज न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार सूखी ठंड पड़ने से तापमान में गिरावट आ रही है। अभी एक दो दिन तक पारा इसी तरह गिरेगा। उसके बाद इसमें सुधार आने लगेगा। घाटी वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड से लोग परेशान हैं। सुबह के समय घने कोहरे से जनजीवन पर असर पड़ रहा है।