पिथौरागढ़। मुनस्यारी ब्लाॅक की दो ग्राम पंचायतों ढूनामानी और जोशा गांव को जोड़ने वाला पैदल रास्ता बदहाल है। गांव तक पहुंचने के लिए नदी पर झूलापुल तो बना दिया गया लेकिन पुल से आगे रास्ता नहीं बनाया गया। ऐसे में लोग मजबूरी में चट्टान पर सीढ़ी लगाकर आवाजाही कर रहे हैं।
ढूनामानी और जोशा गांव को जोड़ने के लिए वर्ष 2008 में झूलापुल और डेढ़ किमी लंबे पैदल रास्ते के निर्माण को स्वीकृति मिली थी। यहां पर झूलापुल तो बना दिया लेकिन पैदल रास्ता नहीं बनाया गया। इस कारण ढूनामानी और जोशा गांव के ग्रामीण चट्टान पर सीढ़ी लगाकर जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं।
पैदल रास्ता बनाने के लिए कार्यदायी संस्था लोनिवि अस्कोट को कई बार बता दिया है। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोग मजबूरी में चट्टान पर सीढ़ी लगाकर आवाजाही कर रहे हैं। पैदल रास्ता शीघ्र नहीं बनाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। -नवीन भंडारी, ग्रामीण।
पुल और पैदल मार्ग की लोकेशन बदलने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। इस संबंध में स्थानीय प्रतिनिधियों से बातचीत कर समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे। पुल का लाभ लोगों को मिल सके इसके लिए शीघ्र कार्यवाही की जाएगी। -संजीव राठी, ईई लोनिवि अस्कोट।