बैठक में उपस्थित पालिकाध्यक्ष एवं सभासद।
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी पिथौरागढ़। कोरोना महामारी की रोकथाम और बचाव के लिए पालिका की आपात बैठक हुई। इसमें नगर में होम क्वारंटीन पर रखे गए लोगों की निगरानी के लिए 20 वार्डों में टीम गठित की गई। पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कहा गया कि प्रदेश के ग्रीन जोन से आ रहे लोगों को होम क्वारंटीन और हॉटस्पॉट से आ रहे लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि कुछ लोग शिकायत कर रहे हैं कि जिन्हें होम क्वारंटीन पर रखा गया है वह मोहल्ला और बाजार में घूम रहे हैं। पालिका के ईओ मनोज दास ने बताया कि ऐसे लोगों को चिन्हित करने के लिए पुलिस के साथ ही सभासद और कार्मिकों की टीम गठित की गई है। टीम प्रत्येक दिन बाहर से आए लोगों की निगरानी करेगी। यदि कोई व्यक्ति नियमों का अनुपालन करते नहीं पाया गया तो उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि नगर क्षेत्र में होम क्वारंटीन पर रखे गए व्यक्ति के पास यदि अलग से कमरा नहीं होगा तो उसे संस्थागत क्वारंटीन में भेजा जाएगा। ऐसे व्यक्ति जो आवासहीन हैं और जिनके घर में क्वारंटीन के लिए अलग से कमरा नहीं है पालिका उन्हें 14 दिन तक अपने व्यय पर संस्थागत क्वारंटीन कराएगी। नगर में यदि कोई व्यक्ति बगैर मास्क के घूमता पाया गया तो पहली बार 200 और लगातार उल्लंघन पर 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक बाजार में घूमने की अनुमति नहीं होगी। पालिकाध्यक्ष रावत ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए सभी लोगों से सहयोग का अनुरोध किया है। बैठक में सिटी मैनेजर महेंद्र बिष्ट, सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, जेई उमेश अवस्थी, एनबी पांडेय, गौरव अग्रवाल, देशराज, शिव सिंह, प्रियंका आर्या, इंद्रा चंद आदि मौजूद रहे। (दिनेश)