भड़गांव में प्रवासी लोगों से बातचीत करते विधायक चुफाल। संजू पंत डीडीहाट
- फोटो : AMAR UJALA
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। कोरोना महामारी के बाद अपने घर लौटे युवा अब अपने ही गांव में कारोबार करना चाह रहे है। इन प्रवासियों की मांग पर विधायक विशन सिंह चुफाल ने तीन गांवों के लिए 6 किमी की सड़क को मंजूरी दे दी है।
डीडीहाट विधायक विशन सिह चुफाल अपने भ्रमण में चौबाटी क्षेत्र गये थे। जहां भड़गांव, मुकुट, अटक्वाली गांव पहुचने पर 50 से अधिक प्रवासी लोगों ने विधायक चुफाल से अपने ही गांव में अब स्वरोजगार करने की बात कही। सभी प्रवासी अपने गांव में मूंगफली, तेजपत्ता, डेयरी व सब्जी का कारोबार करना चाह रहे है। इन चीजों को बाजार में बेचने लिए गांव तक सड़क निर्माण करने की बात विधायक चुफाल के सामने प्रवासी लोगों ने रखी। विधायक चुफाल ने मुकुट, अटक्वाली व भड़गांव के छूटे तोक को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए दो दो किमी की सड़को को विधायक निधी से स्वीकृति प्रदान कर प्रवासी लोगों को सारी सुविधा प्रदान करने की बात की। इन गांवों में सड़क की स्वीकृति के बाद ग्रामीणों में उत्साह है। इस मौके पर केशर भड़, ललित भड़, भगवान सिह देउपा, लोकेश भड़, कृष्णा भड़, राजेंद्र देउपा, पूरन खोलिया, संजय चुफाल आदि मौजूद थे।