चंपावत। जिले में खनन सत्र 26-27 के तहत स्वीकृत खनन गतिविधियां एक अक्तूबर से शुरू हो गई हैं। बाढ़ और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए 30 जून से 30 सितंबर तक खनन कार्यों पर प्रतिबंध लगाया गया था। अब सभी स्वीकृत खनन गतिविधियों को शुरू करने की अनुमति दे दी गई है। डीएम मनीष कुमार ने बताया कि खनन कार्य शासन के निर्धारित नियमों, पर्यावरणीय मानकों और स्वीकृत शर्तों के अनुरूप ही किए जाने चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खनन के दौरान नियमों का उल्लंघन, अवैध खनन और अवैध परिवहन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को खनन गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने और निर्धारित मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।